नॉएडा। सेक्टर 127 स्थित गांव बख्तावरपुर में शुक्रवार रात एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक काम की तलाश में पश्चिम बंगाल से नोएडा आया था।
मूलरूप से पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाशपुर के गांव उत्तर जयपुर निवासी 32 वर्षीय बिशु सिंह एक जुलाई को काम की तलाश में नोएडा आया था। वह सेक्टर 127 स्थित गांव बख्तावरपुर में अपने साथियों के साथ रह रहा था। बिशु शुक्रवार रात अपने कमरे में था। इसी दौरान उसने साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब वह शनिवार सुबह कमरे से बाहर नहीं आया तो साथियों ने कमरा खोलकर देखा। बिशु का शव पंखे से बंधे फंदे से लटका था। मृतक के साथी पुष्पेंद्र कुमार ने वारदात के बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है,0 इसलिए आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।