गबन बंसल की खबर
जहांगीराबाद। महिलाओं के लिए नेटवर्किंग प्लेटफार्म के रूप में जीवावुमन एसोसिएशन ने अब तरह-तरह के अवसर प्रदान कर सफलता पटल पर लाने की कवायद शुरू की हैं। इसके लिए मेधावी महिलाओ का चयन होगा। मोनिका भारद्वाज ने बताया कि प्रसिद्ध लाइफ स्टाइल एवं मनोरंजन विषयों की पत्रकार गरिमा चंद्र ने महिलाओं के लिए इसका सपना देखा था। गत दिनों ताज अम्बेस्डर होटल में इसका शुभारंभ हुआ। कोविड के मद्देनजर मात्र 25 महिला सदस्य सामाजिक दूरी का पालन करती हुई कार्यक्रम में शामिल हुई। कार्यक्रम शुभारंभ में आकर्षक प्रस्तुतियां पेश की गयीं। यह प्लेटफार्म महिलाओं को घर से बाहर उड़ान देगा। जीवा का लक्ष्य विभिन्न बैकग्राउंड वाली महिलाओं को आगे लाकर उनके सपनों को पूरा कराना है। उनकी क्षमता और बुद्धि का इस्तेमाल करते हुए उनके सशक्तिकरण के लिए आवश्यक संसाधन जुटाना भी इसका लक्ष्य हैं।
कोविड और लॉकडाउन के कारण पिछले पांच महीनों से घरों में बंद महिलाओं के लिए इस समारोह में आना बहुत सुखद अनुभव रहा। दिल्ली एनसीआर में इसके 9 जोन बनाए गये और इस आयोजित कार्यक्रम में सभी जोनों की प्रतिनिधि महिलाओं ने भाग लिया। गरिमा चंद्र की इस परिकल्पना को साकार करने के लिए सर्वप्रथम 2017 में रवि सोरे एवं प्रवीण चंद्रा ने हाथ बढ़ाया। उनके साथ बहुआयामी व्यक्तित्व वाली 6 महिलाएं आभा गोयल, मीना थिरानी, रूपाली तलवार, मोनिका भारद्वाज, एकता जैन एवं बर्तिका मदान भी जुड़ गई। दिल्ली एनसीआर में सफलता पूर्वक शुभारंभ के बाद एसोसिएशन द्वारा पंजाब, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र एवं अन्य राज्यों में भी इसे लांच किया जाएगा। इसे विश्व स्तर पर ले जाने की योजना है।