नीरज शर्मा की खबर
नगर के फैसलाबाद की रहने वाली युवक की मां ने बाप-बेटे पर लगाया आरोप
आवास विकास कालोनी में युवक कर रहा था टाइल्स का काम
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फैसलाबाद निवासी एक महिला ने आवास विकास निवासी आरोपी पिता पुत्र पर अपने बेटे के हाथ और पैर ग्लाइंडर से काट कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि ग्लाइंडर से हाथ व पैर पर हमला करके घायल कर दिया। युवक का दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के फैसलाबाद निवासी महिला सायरा ने बताया कि उसका ३२ वर्षीय पुत्र दानिश टाइल्स लगाने का काम करता है। आरोप है कि गत दो अक्टूबर को उसे आवास विकास निवासी पिता-पुत्र ने अपने घर में टाइल्स लगाने के लिए बुलाया था। टाइल्स का जब उनका काम खत्म हो गया तो दोनों ने कहा कि दानिश ग्लाइंडर से उनका लकड़ी का एक दरवाजा भी काट दे। दानिश ने लकड़ी का काम आने से इंकार कर दिया। आरोप है कि उसी समय पिता पुत्र ने दानिश के हाथ से ग्लाइंडर छीन लिया और कहा कि यदि वह दरवाजा नहीं काटेगा तो वह उसकी गर्दन काट देंगे। इसी दौरान आरोपियों ने उसके हाथ और पैर पर ग्लाइंडर से हमला कर दिया। जिससे दानिश के हाथ और पैर कट गए। गंभीर घायल होने के बाद दानिश ने अपने परिजनों को बुलाया। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब दानिश का उपचार दिल्ली में चल रहा है। नगर कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।