यमुनानगर स्थित जीएनजी कालेज के बाहर अचानक एक महिला पहुंची और कालेज के इर्द गिर्द बेमतलब खड़े युवाओं पर गिद्ध दृष्टि रखने लगी। वहां खड़े युवा इस बात से अनभिज्ञ थे कि यह महिला कौन है।
थोड़ी देर में वह अपनी रौ में आई तो युवा भौंचक्क रह गए। दरअसल, यह महिला डीएसपी ऊषा कुंडू थी, जो यूपी तर्ज पर एंटी रोमियो अभियान चला रही थी।
उत्तर प्रदेश की तर्ज पर यमुनागर पुलिस ने भी शनिवार को एंटी रोमियो अभियान चलाया। कालेजों के आसपास घूम रहे आवारा व अजनबी लड़कों को रोककर उनके पते नोट किए गए।
काफी समय से छात्राओं द्वारा अनजबी लड़कों द्वारा छेड़छाड़ की शिकायत की जा रही थी। मौके पर डीएसपी ऊषा कुंडू के साथ 25 से ज्यादा पुलिसकर्मी, दो ट्रैफिक एसएचओ भी मौजूद थे।
पुलिस ने यातायात नियमों को तोड़ने वाले करीब 250 लड़के-लड़कियों के चालान भी काटे। लड़कियों के पोस्टल चालान किए गए। कई से मौके पर जुर्माना वसूला गया। इस रोड पर चार कालेज पड़ते हैं जिनमें तीन लड़कियों के हैं।