नीरज शर्मा की रिपोर्ट
बुलंदशहर। जिले में चलाए गए टीबी हारेगा, देश जीतेगा अभियान के तहत १०७ नए रोगियों की पुष्टि हुई है। जिसमें सर्वाधिक डिबाई व सिकंदराबाद क्षेत्र में १७-१७ रोगी मिले है। क्षय रोग विभाग द्वारा दो जनवरी से १२ जनवरी तक घर-घर चलाए गए अभियान के तहत ८,०४,३४० लोगों की २८८ टीम द्वारा स्क्रीनिंग की गई।
केंद्र सरकार ने वष २०२५ तक क्षय रोग उन्मूलन का लक्ष्य रखा है। कोरोना के चलते करीब १० माह तक अभियान स्थगित रहा। इसके बाद शासन के निर्देश पर दो जनवरी २०२१ ये १२ जनवरी तक टीबी हारेगा, देश जीतेगा अभियान चलाया गया। अभियान को सफल बनाने के लिए ५४ सुपरवाइजर नियुक्त किए गए और लोगों की स्क्रीनिंग करने के लिए २८८ टीम तैनात की गई। टीम ने घर-घर जाकर आठ लाख चार हजार ३४० लोगों की स्क्रीनिंग की। जिसमें १८६१ लोग संदिग्ध मिलने पर बलगम की जांच की गई। इसमें ८३ लोगों में क्षय रोग की पुष्टि हुई। वहीं, २४ लोग एक्सरे जांच में क्षय रोगी मिले। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि टीबी हारेगा, देश जीतेगा अभियान के तहत जिले के नौ स्थानों पर अभियान चलाया गया। अभियान के तहत १०७ नए क्षय रोगी की पुष्टि हुई है। संबंधित का उपचार शुरू करवा दिया गया है।