नीरज शर्मा की रिपोर्ट
बुलंदशहर : कृषि विधेयक 2020 को लेकर किसानों के राष्ट्रीय संगठन ‘अन्नदाता’ भारत किसान संघ ने एक महत्वपूर्ण बैठक संगठन के केन्द्रीय कार्यालय 41, शिवपुरी, बुलन्दशहर पर आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन ठाकुर सुनील सिंह ने की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कानून किसानों के लिए संजीवनी का कार्य करेगा।
इसको ध्यानपूर्वक समझने की ज़रूरत है। कुछ राजनीतिक दलों के लोग जिनके राजनीतिक दल अब खत्म होने की कागार पर हैं वह किसानों का भेष बना भोले भाले किसानों को भड़काने में लगे हुए हैं जबकि ऐसे लोगों का किसान या कृषि के हितों के लिए सोचने या काम करने से दूर दूर तक कोई वास्ता नहीं है।
*यह भोले भाले किसानों को गलत व भ्रमित करने वाली जानकारी देकर देश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं जोकि राष्ट्रद्रोह का कार्य है।
ऐसे लोगों व संगठनों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने हेतु शीघ्र ही प्रधानमन्त्री, कृषि मन्त्री, गृह मन्त्री एवं प्रदेश के मुख्यमन्त्रियों को लिखा जाएगा व आवश्यकता पढ़ी तो अन्नदाता भारत किसान संघ ऐसे पथ भ्रष्ट संगठनों के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आन्दोलन चलाएगा। किसी भी कीमत पर देश के अन्नदाताओं को ऐसे स्वार्थी लोगों या संगठनों की गन्दी राजनीति का शिकार नहीं बनने दिया जाएगा।
संगठन के राष्ट्रीय संयोजक प्रशान्त त्यागी ने बताया कि हमारे प्रतिनिमण्डल ने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का समय मांगा है। अन्नदाता’ भारत किसान संघ किसानों के बीच जाकर कृषि विधेयक 2020 के बारे में किसानों को जागरूक करने का कार्य कर रहा।
इस विधेयक से किसानों की आय कैसे बढ़ेगी व उनके परिवार में यह विधेयक कैसे खुशहाली ला सकता है, युवाओं को कैसे आत्मनिर्भर बना सकता है व यह विधेयक कैसे कृषि एवं कृषकों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाने वाला है, यह सारी बातें अन्नदाता भारत किसान संघ किसानों को छोटी छोटी सभाएं आयोजित कर बता रहा है।