नीरज शर्मा की रिपोर्ट
बुलन्दशहर में खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन किये जाने पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने फीता काटकर शुभारंभ किया। खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन प्रत्येक माह की 21 तारीख को किया जाता है। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी रोहताश यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि शादी के बाद पहला बच्चा दो वर्ष बाद तथा दूसरे बच्चे में तीन वर्ष का अन्तर आवश्यक है। खुशहाल परिवार दिवस मनाये जाने का मुख्य उद्देश्य ऐसी महिलायें जिनका प्रसव 01-01-2020 के बाद हुआ है, नव विवाहित दम्पत्तियों जिनका विवाह 01-01-2020 या उसके पश्चात हुआ है तथा ऐसे दम्पत्ति जिनके तीन या तीन से अधिक बच्चे हैं को बच्चों में अन्तर रखने हेतु परिवार नियोजन के साधन अपनाने हेतु प्रेरित करना है तथा उन्हें सेवायें प्रदान करना है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि खुशहाल परिवार दिवस के सफल क्रियान्वयन हेतु समस्त आशाओं, एएनएम के माध्यम से परिवार नियोजन के संबंध में महिलाओं को जागरूक किया जाये। इसके साथ ही समस्त स्वास्थ्य केन्द्रों पर परिवार नियोजन के समस्त साधन निःशुल्क उपलब्ध रखे जायें। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन छोटा परिवार-सुखी परिवार के लिए अत्यन्त आवश्यक है। सीएमओ द्वारा बताया गया कि समस्त चिकित्सा इकाईयों पर गर्भ निरोध साधन निःशुल्क उपलब्ध हैं।