ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सोसाइटी निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। विवाहिता ने अपनी और अपने बच्चे की जान को खतरा बना पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इंदौर निवासी सोनाली वर्मा ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसकी करीब दो साल पहले मेट्रोमोनियल साइट के जरिए ग्रेनो वेस्ट में रहने वाले अरनव कुमार से मुलाकात हुई थी। इसके बाद वह लिव इन रिलेशनशिप में अरनव के साथ रहने लगी। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने अरनव से शादी करने के लिए कहा तो उसने और उसके माता-पिता ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। काफी प्रयास के बाद अरनव ने 13 जून 2021 को उससे शादी की। इसके बाद महिला ने बच्चे को जन्म दिया। आरोप है कि कुछ दिनों बाद उसे पता चला कि अरनव पहले से शादीशुदा है। ससुराल पक्ष के लोग उस पर नौकरी करने का दबाव बनाकर प्रताड़ित कर रहे हैं। महिला ने अपनी और बच्चे की जान को खतरा बताते हुए बिसरख कोतवाली में पति अरनव, ससुर और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।