लखनऊ। उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री और देश के रक्षामंत्री रहे समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को जन्मदिन है। मुलायम सिंह का यह 83वां जन्मदिन है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में लखनऊ स्थित सपा प्रदेश कार्यालय में मुलायम सिंह का जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर मुलायम ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जन्मदिन मनाने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि नौजवानों में जोश और उत्साह दिखाई दे रहा है। यह जोश परिवर्तन की क्रांति लाएगा। समाजवादी पार्टी परिवर्तन की राजनीति कर रही है।
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग परिवर्तन की राजनीति को कामयाब बनाएं। हम जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि इसी तरह से सभी गरीबों का जन्मदिन मनाया जाए। आप लोग इतनी बड़ी संख्या में जन्मदिन मनाने आए हैं, आप लोगों का स्वागत है। बहुत-बहुत धन्यवाद और सबको बधाई। जन्मदिन के मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने पिता व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का हाथ पकड़ कर केक कटवाया।
इस अवसर पर पार्टी के प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव समेत तमाम बड़े नेता मौजूद थे। अखिलेश यादव और प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने शाल ओढ़ाकर मुलायम सिंह यादव को सम्मानित कर जन्मदिन की बधाई दी। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सपा संरक्षक को पुष्पगुच्छ, बुके व उपहार देकर जन्मदिन की बधाई दी। इस अवसर पर 83 किलो लड्डू भी बांटे गए।
इससे पहले मुलायम सिंह यादव के 82वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि देश की राजनीति में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुलायम सिंह को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। देश की राजनीति में उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।’ वहीं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट किया कि ‘हम सभी की प्रेरणा व ऊर्जा के स्रोत, सामाजिक न्याय के ध्वजवाहक और अपने जन संघर्षों की बदौलत संवेदनशील सियासत की इबारत लिखने वाले आदरणीय नेताजी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’
सैफई में मुलायम के जन्मदिन पर दंगल का आयोजन : सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया द्वारा सैफई में दंगल का आयोजन किया गया है। इस आयोजन में प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव व राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव पहुंचे। उन्होंने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। इस अवसर पर प्रसपा के कई नेता मौजूद रहे। कई नामी गिरामी पहलवानों काे दंगल में भाग लेने के लिए बुलाया गया है। इस अवसर पर केक भी काटा गया।
1992 में की थी समाजवादी पार्टी की स्थापना : इटावा जिले के सैफई गांव में 22 नवंबर, 1939 को जन्मे मुलायम सिंह यादव ने शुरुआती जीवन एक शिक्षक के रूप में शुरू किया और 1967 में पहली बार विधानसभा के सदस्य चुने गए वह वर्ष 1977 में रामनरेश यादव के नेतृत्व वाली जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश सरकार में पहली बार मंत्री बने। उन्होंने 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी।
- # lucknow-city-politics
- # Mulayam Singh Yadav Birthday
- # Mulayam Singh Yadav Birthday Celebration
- # Samajwadi Party Chief Akhilesh Yadav
- # SP Patron Mulayam Singh Yadav
- # SP President Akhilesh Yadav
- # state
- # UP Politics
- # Uttar Pradesh news
- # मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन
- # सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव
- # समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव
- akhilesh yadav
- national news
- news
- up news
- अखिलेश यादव