नीरज शर्मा की रिपोर्ट
बुलंदशहर : सिकन्द्राबाद पुरानी मण्डी परिसर में खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा संचालित मक्का क्रय केन्द्र का जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने औचक रूप से निरीक्षण करते हुए मक्का क्रय केन्द्र पर की गई खरीद के संबंध में पंजिका का अवलोकन करते हुए आवश्यक जानकारी हासिल की। साथ ही क्रय केन्द्र पर पर्याप्त बोरों की व्यवस्था, किसानों के लिए की गई अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी हासिल करते हुए केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया कि किसानों का किसी भी प्रकार से शोषण नहीं होने दिया जाये। सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों की मक्का क्रय की जाये। केन्द्र प्रभारी द्वारा जानकारी दी गई कि केन्द्र पर अभी तक 954.50 कुंटल मक्का किसानों से क्रय की गई है तथा सभी किसानों का भुगतान किया गया है।
दरअसल मण्डी परिसर में पीसीएफ द्वारा स्थापित धान क्रय केन्द्र का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने केन्द्र पर की गई धान क्रय की जानकारी हासिल की। साथ ही भुगतान की स्थिति के बारे में जानकारी किये जाने पर 12 किसानों के धान का भुगतान लंबित होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एआर कोआपरेटिव को शीघ्रता से किसानों के लंबित भुगतान सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिये। निरीक्षण के समय केन्द्र पर अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी हासिल की गई। मंडी सिकन्द्राबाद में मौजूद किसानों से भी धान/मक्का बिक्रय के संबंध में जानकारी करने पर कोई समस्या प्रकाश में नहीं लायी गयी। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी रविशंकर सिंह, केन्द्र प्रभारी उपस्थित रहे।