आगरा। तय कार्यक्रम के अनुसार सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ फीरोजाबाद पहुंच चुके हैं। फीरोजाबाद पुलिस लाइन में सीएम योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर उतरा। यहां प्रभारी मंत्री और विधायक मनीष असीजा ने उनका स्वागत किया। थाेड़ी देर यहां रुकने के बाद सीएम सीधे फीरोजाद मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हो गए। मेडिकल कॉलेज पहुंच कर स्वास्थय सेवाओं का निरीक्षण करने के साथ मरीजों का हाल जाना। मेडिकल कॉलेज में सीएम के निरीक्षण का कार्यक्रम करीब 50 मिनट का रहा। यहां करीब 20 मिनट तक डॉक्टर्स, डीएम, एसएसपी, सीएमओ समेत अधिकारियों का साथ मीटिंग की। यहां वार्ड का निरीक्षण करने के बाद वे ग्राउंड फ्लोर पर मरीजों का हाल जानने गए। इसके बाद करीब दोपहर 2 बजकर 39 मिनट पर वे सुदामा नगर के लिए रवाना हो गए। सुदामा नगर में बुखार के कारण अपने स्वजनों को खाेने वाले चार परिवारों से वे मिलने पहुंचने वाले हैं। उधर मुख्यमंत्री आगमन की सूचना पर कांग्रेसीजनों द्वारा विराेध किये जानकारी पर पुलिस पहुंच गइ और उन्हें रोक दिया। कांग्रेस का झंडा लिये पार्टी पदाधिकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
बता दें कि डेंगू और वायरल बुखार का प्रकोप सुहाग नगरी में पैर पसार चुका है। लगातार लोगों की जान बुखार के कारण जा रही है।
ब्रज में एक महीने से बेकाबू बुखार से हालात दिनोंदिन बिगड़ते जा रहे हैैं। अब तक फीरोजाबाद में फील्ड में जाने से परहेज कर रहे अफसर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद दौड़े, तो हालात भयावह मिले। दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रभारी ही नहीं थे। डीएम ने उन्हें हटाने के निर्देश दिए हैं। इस बीच आठ और रोगियों की मृत्यु होने से जिले में मृतकों की संख्या 41 हो गई है। मुख्यमंत्री ने रविवार शाम शहर विधायक मनीष असीजा से हालात के बारे में जानकारी ली थी।