नीरज शर्मा की रिपोर्ट
बुलन्दशहर जनपद में किये जा रहे कोविड वैक्सीनेशन हेतु बनाये गये 30 केन्द्रों पर 3 हजार स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड वैक्सीन लगाये जाने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यालय पर लक्ष्मी लाइफ लाइन अस्पताल एवं वीआईआईटी अस्पताल में कोविड वैक्सीनेशन हेतु बनाये गये केन्द्र का जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण करते हुए वैक्सीनेशन किये जाने के संबंध में आवश्यक जानकारी हासिल की। निरीक्षण के समय तक लक्ष्मी लाइफ लाइन अस्पताल में 52 एवं वीआईआईटी अस्पताल में 75 स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड वैक्सीन लगायी जा चुकी थी। दोनों केन्द्रों पर कोविड वैक्सीन लगाये जाने से पूर्व संबंधित का बीपी, शुगर, प्लस आक्सीमीटर से आक्सीजन लेवल एवं अन्य स्वास्थ्य जांच करने के उपरान्त स्वस्थ होने पर कोविड वैक्सीन लगाये जाने का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा स्वयं की शुगर की जांच भी करायी गई जोकि सही आयी।
कोविड वैक्सीन लगाये जाने के उपरान्त संबंधित को आब्जर्वेशन रूम में रखकर स्वास्थ्य की माॅनिटरिंग भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने आब्जर्वेशन रूम का निरीक्षण करते हुए वैक्सीनेशन के उपरान्त रखे गये स्वास्थ्य कर्मियों से वैक्सीन लगाये जाने के उपरान्त किसी भी प्रकार की परेशानी के संबंध में जानकारी हासिल की। उन्होंने आब्जर्वेशन रूम में उपस्थित चिकित्सकों से आब्जर्वेशन के लिए रखे गये लोगों के संबंध में आवश्यक जानकारी हासिल की। साथ ही वैक्सीन लगाये जाने से किसी की तबियत खराब होने की दशा में तत्काल उपचार दिये जाने की भी जानकारी ली। दोनों केन्द्रों पर आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था करायी गई है।