नोएडा। सेक्टर-20 पुलिस ने नामी गारमेंट कंपनी के नाम से नकली शर्ट बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से नकली शर्ट भी बरामद की हैं।
अभिषेक त्रिपाठी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह नामी रेडिमेड कपड़ा कंपनी में अधिकारी है। कंपनी के देश-विदेश में शोरूम हैं। पिछले काफी समय से एक व्यक्ति उनकी कंपनी का मार्का लगाकर नकली शर्ट बेच रहा है। इससे कंपनी की छवि धूमिल हो रही है। पुलिस ने अभिषेक की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सेक्टर-27 निवासी अनुराग शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी ने नकली मार्का लगी 231 शर्ट बरामद की है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले काफी समय से कंपनी के नाम से नकली शर्ट बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।