गगन बंसल की रिपोर्ट
जहांगीराबाद : नगर के शिव कुमार जनता इंटर कॉलेज में बुधवार को विजय दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सी पी अग्रवाल ने भारत की सेना के शौर्य को नमन व शहीद स्तंभ पर माल्यार्पण कर किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विजय दिवस को लेकर भाषण भी दिये। कार्यक्रम का संचालन कर रहे विकास दीक्षित ने बच्चों को अपने मन में देश भक्ति जागृत करने की सलाह देते हुए अपने अनुभवों को साझा किया। प्रधानाचार्य सी पी अग्रवाल ने बताया कि 16 दिसंबर को विजय दिवस क्यों कहा जाता है। उन्होंने बताया कि आज के दिन वर्ष 1971 में भारत-पाक युद्ध के दौरान भारत ने पाकिस्तान पर विजय हासिल की थी। इसी जीत को पूरा हिन्दुस्तान विजय दिवस के रूप में मनाता है और 16 दिसंबर 1971 को ढाका में 93 हजार पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था। युद्ध के 12 दिनों में अनेक भारतीय जवान शहीद हुए और हजारों जख्मी भी हुए थे। पाक सेना का नेतृत्व कर रहे लेफ्टिनेंट जनरल एके नियाजी ने अपने 93 हजार सैनिकों के साथ भारतीय सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के सामने आत्मसमर्पण कर हार स्वीकारी थी। इसी को लेकर देश में विजय दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम के अवसर पर जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार, दिनेश कुमार, मोहित वार्ष्णेय, निधीष गुप्ता, सुधांशु भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।