नीरज शर्मा की खबर
औरंगाबाद: क्षेत्र के एक गांव में लुटेरी दुल्हन शादी के एक दिन बाद परिजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर जेवरात लेकर फरार होने का मामला संज्ञान में आया है। पीड़ित ने बिचैलिए के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दी है। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
एक गांव निवासी अनुसूचित जाति के युवक की शादी स्याना कोतवाली क्षेत्र के एक गाँव निवासी युवक ने पश्चिमी बंगाल की एक युवती के साथ शादी तय कराई थी। बताया जाता है कि शादी करने के लिये युवती के परिजनों ने दूल्हे पक्ष से 25 हजार रुपये लिये थे। तीन दिन पूर्व लड़की पक्ष गांव आ गया और दोनो की हिन्दू रीति रिवाज के अनुसार शादी करा दी गई थी। शादी के एक दिन बाद लुटेरी दुल्हन ने परिजनों को खाने में नशीला पदार्थ दे दिया। जिसके बाद सभी बेहोश हो गए और रात में मौका पाकर दुल्हन जेवरात लेकर फरार हो गयी। सुबह उठने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। उसको काफी तलाश किया लेकिन उसका कोई पता नही चल सका। बाद में बिचैलिए को मामले की जानकारी दी तो उसने साफ इंकार कर दिया। पीड़ित ने अब पुलिस से गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर औरंगाबाद रामसेन सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। बिचैलिए को पूछताछ के लिये थाने बुलाया गया है।