मुरादाबाद। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत सपा के 21 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुरादाबाद में मीडिया कर्मियों से मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उनके अंगरक्षकों के अलावा सपा कार्यकर्ताओं पर मुरादाबाद में एक पांच सितारा होटल में मीडिया कर्मियों से मारपीट का आरोप है।
पाकबड़ा पुलिस ने अभियोग दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। इंडियन प्रेस एलाईवनेस एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. तरुण पाराशर ने पाकबड़ा पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व उनके कार्यकर्ता 11 मार्च की शाम मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित होली डे रेजीडेंसी होटल में थे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेसवार्ता कर रहे थे। प्रेस कान्फ्रेंस खत्म होने के बाद होटल की लाबी में कुछ पत्रकारों ने अखिलेश यादव से व्यक्तिगत सवाल पूछा। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री झल्ला उठे। उन्होंने अपने सुरक्षा कर्मियों व पार्टी कार्यकर्ताओं को पत्रकारों पर हमला करने के लिए उकसा दिया।
इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मी व सपा कार्यकर्ता मीडियाकर्मियों पर टूट पड़े। उन्होंने मीडिया कर्मियों को दौड़ाकर पीटा। इसमें कई पत्रकारों को गंभीर चोटें आईं। घायल पत्रकारों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। तहरीर के आधार पर पाकबड़ा पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री समेत 21 सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री समेत 21 लोगों के खिलाफ मारपीट के आरोप में पाकबड़ा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी मुरादाबाद अमित कुमार आनंद ने बताया कि घटना से संबंधित साक्ष्य एकत्र हो रहे हैं। साक्ष्य के आधार पर कानूनी कार्रवाई होगी।
हंगामा से बदल गया था माहौल
प्रेसवार्ता के दौरान धक्का-मुक्की हुई थी। दरअसल सपा मुखिया को जिस तरफ से जाना था उस ओर मीडियाकर्मियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई थी। इस दौरान सुरक्षा में तैनात कमांड़ो ने विरोध कर रहे इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि को पीटना शुरू कर दिया। इससे हंगामा खड़ा हो गया। किसी तरह से मीडियाकर्मियों ने खुद को बचाया था। इससे आयोजन का माहौल पूरी तरह बदल गया था। मौके पर मझोला और पाकबड़ा थाना पुलिस पहुंच गई थी। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद और अन्य अधिकारी पहुंचे थे।