ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेस वे से बांके बिहारी मंदिर को सीधे जोड़ने के लिए छह किमी लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे बनेगा। इसका कार्य चालू वित्त वर्ष में शुरू हो जाएगा। एक्सप्रेस वे के दोनों ओर पांच-पांच सौ मीटर जमीन अधिग्रहीत होगी। इस पर पर्यटन के साथ संस्थागत व कामर्शियल गतिविधियां होंगी। सीईओ डा. अरुणवीर सिंह ने बताया कि कोल्डवेल बैंकर्स रिचर्ड एलिस सीबीआरई साउथ एशिया प्रा. लि. 24 मार्च तक राया हेरिटेज सिटी की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यमुना प्राधिकरण को सौंप देगा।
यमुना प्राधिकरण ने फेज दो मास्टर प्लान पर काम शुरू कर दिया है। शुरुआत में फेज दो के राया व टप्पल बाजना अर्बन केंद्र पर काम होगा। राया में हेरिटेज सिटी बसाया जाएगा। इसकी डीपीआर सीबीआरई से तैयार कराई जा रही है। यमुना एक्सप्रेस वे से सीधे पहुंच सकेंगे बांके बिहारी मंदिर
यमुना प्राधिकरण ने बांके बिहारी मंदिर को यमुना एक्सप्रेस वे से सीधे जोड़ने के लिए ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे बनाने का फैसला किया है। मौजूदा समय में यमुना एक्सप्रेस वे के वृंदावन कट से बांके बिहारी मंदिर तक पहुंचने के मार्ग पर अतिक्रमण हो चुका है। इसलिए ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे बनाया जाएगा। यमुना एक्सप्रेस वे पर नया कट बनाकर इसे जोड़ा जाएगा। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे छह किमी लंबा व छह लेन का होगा। यमुना नदी पर ब्रज विकास परिषद द्वारा बनवाए जा रहे पुल से जुड़ेगा। इसके आगे करीब ढाई किमी मार्ग का निर्माण पहले ही ब्रज विकास परिषद करा रहा है। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे पर होगी टोल वसूली
ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे पर वाहनों से टोल की वसूली होगी। इसके लिए जमीन अधिग्रहण व निर्माण पर आने वाले खर्च को यमुना प्राधिकरण वहन करेगा। रकम जुटाने के लिए प्राधिकरण एक्सप्रेस वे के दोनों ओर पांच-पांच सौ मीटर तक जमीन का अधिग्रहण करेगा। करीब पंद्रह सौ एकड़ जमीन अधिग्रहीत की जाएगी। इस जमीन पर पर्यटन के लिए ब्रज की संस्कृति, इतिहास, कला आदि को प्रदर्शित करते केंद्र, योगी, प्राकृतिक चिकित्सा आदि के केंद्र होंगे। इसके अलावा संस्थागत व कामर्शियल भूखंड आवंटित किए जाएंगे। द्वारिकाधीश मंदिर भी जुड़ेगा
ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे के जरिये मथुरा के द्वारिकाधीश मंदिर को भी कनेक्टिविटी दी जाएगी। इससे पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में आसानी होगी। जाम का सामने किए बगैर सीधे मंदिर जाकर दर्शन कर सकेंगे। राया हेरिटेज सिटी पीपीपी माडल पर होगा विकसित
राया हेरिटेज सिटी को विकसित करने के लिए प्राधिकरण विकासकर्ता का चयन करेगा। हेरिटेज सिटी में मुख्य रूप से पर्यटन की गतिविधियां होंगी।