नई दिल्ली: राष्ट्रपति भवन में आज, 28 अप्रैल को पद्म पुरस्कार 2025 आयोजित किया गया है. सिनेमा के कई दिग्गजों को प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिनेमा के दिग्गज एक्टर अजित कुमार, नंदमुरी बालकृष्ण, शेखर कपूर समेत कई हस्तियों को प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया है.
अजित कुमार
देश भर से भारतीय हस्तियां अपने पद्म पुरस्कार प्राप्त करने के लिए दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन पहुंचें. तमिल एक्टर अजित कुमार को अपना पहला पद्म भूषण सम्मान मिला. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अजीत कुमार को कला के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया है. विभिन्न प्रकार के चरित्रों को निभाने की उनकी क्षमता ने उन्हें इंडस्ट्री में सबसे बहुमुखी अभिनेताओं में से एक के रूप में प्रतिष्ठित किया है.
‘गुड बैड अग्ली’ एक्टर अपने परिवार के साथ राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में शामिल हुए. उन्होंने ब्लैक एंड व्हाइट कलर का सूट पहना था. अजित की ने सोशल मीडिया पर उनका वीडियो जारी करते हुए उन्हें बधाई दी है.
नंदमुरी बालकृष्ण
तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण को इंडस्ट्री में उनके असाधारण काम के लिए भारत के शीर्ष नागरिक पुरस्कारों में से एक पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है. पिछले कुछ सालों में, उन्होंने तेलुगू इंडस्ट्री में कुछ सफल फिल्में दी हैं और उनके दमदार अभिनय के लिए कई लोग उन्हें पसंद करते हैं.
शेखर कपूर
‘मिस्टर इंडिया’ जैसी हिट फिल्मों के निर्देशन के लिए मशहूर फिल्म मेकर शेखर कपूर को पद्म भूषण से नवाजा गया. शेखर कपूर को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्म भूषण पुरस्कार प्राप्त हुआ है. बैंडिट क्वीन के साथ भारतीय सिनेमा को फिर से परिभाषित करने से लेकर एलिजाबेथ के साथ वैश्विक प्रशंसा अर्जित करने तक, उन्होंने लगातार रचनात्मक सीमाओं को आगे बढ़ाया है.
पंकज उधास
गजलों के लिए मशहूर दिवंगत पंकज उधास को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पंकज केशुभाई उधास को कला के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया है. पंकज उधास की पत्नी फरीदा पंकज उधास ने राष्ट्रपति से यह पुरस्कार प्राप्त किया है.
‘चिट्ठी आई है’ जैसे गीत लोगों को आज भी पसंद आते हैं. वे एक बहुमुखी गायक थे और उन्होंने गजलों की लोकप्रियता को आगे बढ़ाया. वे विभिन्न माध्यमों से कैंसर और थैलेसीमिया से पीड़ित रोगियों की सहायता करते थे.
पद्म श्री से सम्मानित हुए ये दिग्गज…
- एक्टर अशोक लक्ष्मण सराफ – पद्म श्री
- एक्टिंग कोच, थिएटर डायरेक्टर बैरी गॉडफ्रे जॉन – पद्म श्री
- गायिका जसपिंदर नरूला – पद्मश्री
- गायक अश्विनी भिड़े-देशपांडे – पद्मश्री
- संगीतकार रिकी ज्ञान केज – पद्म श्री
- लोकगायक भेरू सिंह चौहान – पद्मश्री
- भक्ति गायक हरजिंदर सिंह श्रीनगर वाले – पद्मश्री
- लोक संगीतकार जोयनाचरण बाथरी – पद्म श्री
- शास्त्रीय गायिका के ओमानकुट्टी अम्मा – पद्मश्री
- गायक महाबीर नायक – पद्मश्री
- एक्ट्रेस ममता शंकर -पद्मश्री
- एक्टर अनंत नाग- पद्म भूषण
क्या है पद्म पुरस्कार?
पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक हैं. ये पुरस्कार किसी व्यक्ति को विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में उनके महान योगदान के लिए दिए जाते हैं, जिनमें सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, साहित्य, शिक्षा, खेल और नागरिक सेवाएं शामिल हैं.