सहारनपुर :अपनी कार्यकुशलता और शांत स्वभाव के लिए जाने जाने वाले मृदभाषी जिलाधिकारी अखिलेश सिंह आजाद भारत के तीसरे ऐसे डीएम हैं, जिन्होंने सहारनपुर में अपना 38 महीने 23 दिन का सफल कार्यकाल पूरा किया है।
इन तीन सालों में उन्होंने जनपद के विकास में कई नए आयाम स्थापित किये हैं। शुक्रवार को शासन ने उनका तबादला कमिश्नर बस्ती के पद पर किया है। उनके स्थान पर दिनेश चंद्र सिंह को जिलाधिकारी सहारनपुर बनाया गया है।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने 26 फरवरी 2020 को जिले की कमान संभाली थी। कोरोना के दो वर्ष, त्रिस्तरीय पंचायत और विधानसभा चुनाव को सफलता पूर्वक कराने के साथ ही अपनी कार्य दक्षता प्रदर्शित की। कई मौकों पर उन्होंने स्वयं सड़क पर उतरकर अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया।
कोरोना काल में भी लोगों के बीच उन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराई। उनके कार्यकाल में राजस्व वृद्धि में भी नए आयाम स्थापित हुए।
SEBI ने भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी को भेजा ₹5.35 करोड़ का नोटिस, कहा- 15 दिन के अंदर करें पेमेंट
जिलाधिकारी कार्यालय में लगे कार्यकाल के बोर्ड के अनुसार 1947 से 1976 के बीच दो और जिलाधिकारियों का कार्यकाल तीन वर्ष का पूर्ण था। 1976 के बाद मौजूदा जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने सहारनपुर में सफलता पूर्वक अपना तीन साल दो महीने 23 दिन का कार्यकाल पूर्ण किया है।
मुख्यमंत्री के दर्जनों कार्यक्रमो का संचालन करने वाले जिलाधिकारी ने अपने बेहतर चरित्र और उम्दा कार्यशैली से मुख्यमंत्री को भी आश्वस्त किया। समाजसेवा के कार्यों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने वाले सिंह ने शासकीय लाभपरक योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों को ही लाभ दिलाने की नीति बनाई।
किसान संगठन भी जिलाधिकारी की कार्यकुशलता के कायल हैं। उनके द्वारा दिये गए निर्णय से देवबंद के 52 किसानों के चेहरे पर मुस्कान आई थी। यही नहीं इनके प्रयास से पिछले साल का समस्त गन्ना भुगतान गागनौली चीनी मिल से कराया गया।
शाकंभरी विश्वविद्यालय का निर्माण इनके नेतृत्व में शुरू हुआ तो मंडलायुक्त आवास के लिए जमीन लेने व शासन से स्वीकृत कराने में सफल रहे।
दिनेश चंद्र सिंह बने नए डीएम
डीएम अखिलेश सिंह के कमिश्नर बस्ती बनाए जाने के बाद दिनेश चंद्र सिंह सहारनपुर के नए डीएम बनाए गए हैं। दिनेश चंद्र सिंह सहारनपुर जनपद में एसडीएम देवबंद, सिटी मजिस्ट्रेट सहारनपुर, एडीएमई सहारनपुर के पर भी रह चुके हैं। अब वह जिलाधिकारी के रूप में अपनी नई पारी सहारनपुर में खेलने आ रहे हैं।