ग्रेटर नोएडा। भगवान राम की भक्ति में पूरा प्रदेश डूबता जा रहा है। शहर के लोगों को ग्रेटर नोएडा डिपो ने सौगात दी है। 22 जनवरी के बाद शहर से अयोध्या जाने वालों के लिए डिपो की ओर से दो बसों का संचालन किया जाएगा। 23 जनवरी से परीचौक से शाम साढ़े बजे अयोध्या के लिए बस को रवाना किया जाएगा। अयोध्या से ग्रेटर नोएडा आने वाले यात्रियों को दोपहर दो बजे डिपो की बस मिलेगी। शहर से अयोध्या के लिए अभी कोई भी बस सेवा संचालित नहीं की जाती है।
यात्रियों की आस्था को देखते हुए डिपो की ओर से यह निर्णय लिया गया है। लंबे रूट होने के कारण दो चालकों की तैनाती की जाएगी। यात्रियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए यह व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा इन बसों में भजन और रामधुन बजाने की व्यवस्था की गई,जिससे बस का माहौल राममय हो जाए। इसी बीच अब बस अड्डे पर अयोध्या धाम जाने वाली बसों की जानकारी के लिए बस अड्डे पर हेल्प डेस्क बनाई गई है। अयोध्या जाने के लिए संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए एक कर्मचारी की भी ड्यूटी लगाई गई है।
डिपो से संचालित हो रही सीएनजी बसें
ग्रेटर नोएडा डिपो से 153 बसें सीएनजी की संचालित हो रही है। एक बार फुल टैंक कराने पर एक सीएनजी बस 500 किमी तक की ही दूरी तय कर सकती है, इसलिए बस रेंज के अनुसार एक रूट चार्ट बनाया गया है, क्योंकि रोडवेज बसों को अनधिकृत ईंधन स्टेशनों से सीएनजी भरने की अनुमति नहीं है। ग्रेटर नोएडा से अयोध्या की दूरी लगभग 650 किमी है। इतनी दूरी को कवर करने के लिए ग्रेटर नोएडा डिपो की बसों को लखनऊ में सीएनजी भरने की सुविधा की व्यवस्था होगी। दीपावली के मौके पर पहली बार अयोध्या के लिए बसें भेजी गई थी। डिपो को इस रूट पर बस संचालित करने पर काफी लाभ हुआ था।
ग्रेटर नोएडा डिपो की दो बसें अयोध्या धाम के परी चौक से होते हुए जाएंगी। 23 जनवरी से बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए हेल्प डेस्क बनाई जा रही है। – अनिल कुमार शर्मा, प्रभारी एआरएम, ग्रेटर नोएडा डिपो