लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजों के बाद विकासवाद की राजनीति के प्रतीक बनकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जरूर उभरे हैं। विधानसभा चुनाव में पहली बार मैदान में उतरे सीएम योगी ने गोरखपुर शहर सीट से न सिर्फ बड़ी जीत दर्ज की बल्कि 37 वर्ष बाद यूपी में पूर्ण बहुमत की सरकार की लगातार वापसी का इतिहास रच डाला। राज्य में फिर से भगवा लहराने के बाद प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे सीएम योगी सभी कार्यकर्ताओं को इस बड़ी जीत की बधाई दी। इस दौरा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह दिखा।
भाजपा की प्रचंड बहुमत की जीत सुनिश्चित होते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्साह और उमंग के साथ भगवा गुलाल-अबीर के रंग में झूमते कार्यकर्ताओं के बीच शाम को पार्टी प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। यहां ‘आएंगे तो योगी ही…’ चुनावी गीत के बीच योगी के पहुंचते ही परिसर ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा। जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि जनता ने आज पूरी तरह परिवारवाद, जातिवाद और वंशवाद की राजनीति को तिलांजलि दे दी है।
गुरुवार शाम को प्रदेश मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा चार राज्यों में प्रचंड बहुमत के साथ पुन: अपनी सरकार लाने में सफल रही है। यूपी में भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सहयोगी दल अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के साथ प्रचंड बहुमत की जीत प्राप्त की है। जनता और विचार परिवार के कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए उन्होंने कहा कि मतगणना के बारे में तमाम प्रकार के जो भ्रामक प्रचार दो-तीन दिन से चलाए जा रहे थे, यूपी की जनता की ताकत ने उन्हें दरकिनार कर दिया।
उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक समय देने के लिए पीएम प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सभी केंद्रीय मंत्री व पदाधिकारियों के सहयोग से यह जीत मिली है। यह प्रचंड बहुमत भाजपा के राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के मॉडल को यूपी की 25 करोड़ जनता का आशीर्वाद है।
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर ही काम करने का संकल्प दोहराते हुए योगी ने कहा कि जनता ने जातिवाद, परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति को पूरी तरह तिलांजलि देते हुए भाजपा को जीत दिलाई है। कोरोना काल में भी बिना थके, बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके जो काम किया, वह एक-एक कार्यकर्ता को आज यशस्वी बना रहा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के परिणामों पर पूरे देश की निगाहें थीं। आज भारतीय जनता पार्टी और सहयोगी अपना दल (एस) और निषाद पार्टी प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। इसके लिए जनता जनार्दन और कार्यकर्ताओं का कोटि-कोटि धन्यवाद। पहली बार उत्तर प्रदेश में सात चरणों में शांति पूर्वक चुनाव संपन्न हुए। मतगणना को लेकर पिछले दो-तीन दिनों चलाए जा रहे भ्रामक प्रचार को जनता ने दरकिनार करते हुए भाजपा और सहयोगी दलों को जीत दिलाई है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह प्रचंड बहुमत भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के माडल को उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता का आशीर्वाद है। इसे स्वीकार करते हुए आम जनमानस की आकांक्षाओं के अनुरूप सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास के इस मंत्र को अंगीकार करते हुए निरंतर आगे बढ़ाना होगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार ने पांच वर्षों से लगातार उत्तर प्रदेश में जो सुरक्षा का माहौल दिया, लोगों की आस्था को सम्मान दिया, विकास के कार्यक्रमों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का कार्य किया, गरीबों के कल्याण के लिए जो कार्य शुरू हुए हैं, आज उसका परिणाम जनता ने जातिवाद, परिवारवाद, वंशवाद की राजनीति को पूरी तरह से तिलांजली देते हुए 2022 में भी भाजपा को प्रचंड बहुमत से जीत दिलाई है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता इस जीत का हकदार है। जो कार्यक्रम विगत पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश में लागू किए गए आज उसके परिणाम सामने है। उन्होंने कहा कि जब हम लोग कोरोना और भष्टाचार से लड़ रहे थे तब ये लोग भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ साजिश रचने का कार्य कर रहे थे। आज जनता ने अपने जनादेश के माध्यम से उन सबको एक बार फिर से सबक सिखा कर बोलती बंद कर दी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सभी को एक बार फिर से अपने कार्यों के माध्यम से साबित करना है कि राष्ट्रवाद, सुरक्षा, विकास और सुशासन के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी को देश प्रचंड बहुमत जनता ने दिया है और इस पर फिर से खरा उतरना ही होगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह जीत हमें जवाबदेही का नया संकेत भी देता है। हमें जोश के साथ-साथ होश भी बनाए रखना है। हमें आम जनमानस के आकांक्षाओं के अनुरूप एक बार फिर से अपने आप को साबित करना होगा। इस दौरान मंच पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी भी थे।