नई दिल्ली। साउथ दिल्ली के नेब सराय इलाके में सात साल के मासूम बच्चे को सिगरेट से जलाने की घटना सामने आई है। जहां एक महिला ने अपने पति के परिवार वालों पर 7 साल के बच्चे को सिगरेट से जलाने का आरोप लगाया है। जब थाने में शिकायत दर्ज कराई गई तो पुलिस ने मामले को तुरंत संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बच्चे का मेडिकल टेस्ट करवाया जिसमें इस बात की पुष्टि हुई।
बुआ की बेटी ने मासूम को सिगरेट से जलाया
बच्चे के हाथ पर जो निशान पाए गए थे वह सिगरेट से जलने के ही निशान थे। नेब सराय थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।नेब सराय में रहने वाले दंपत्ति के बीच कानूनी लड़ाई चल रही है। हाल ही में हाईकोर्ट के आदेश के बाद 7 वर्ष के बच्चे की कस्टडी उसके पिता को दे दी गई थी। इसलिए बच्चा अपने पिता के साथ रहने लगा था। वहां पर पिता के अलावा बच्चे की बुआ और उनकी बेटी रहती थी।
लखनऊ में मोबाइल टॉवर पर चढ़ा यूपी रोडवेज का बस ड्राइवर, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
बहन ने किसी को नहीं बताने की दी थी धमकी
बुआ की बेटी जिसकी उम्र 26 साल है उसने ने ही मासूम पर जुल्म किया। लड़की ने दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले 7 साल के मासूम को सिगरेट से जलाया। उसने पहले उसके गाल पर सिगरेट दाग दी फिर उसके दोनों हाथों को भी सिगरेट से जला दिया। यही नहीं 26 वर्षीय लड़की ने मासूम को इस घटना के बारे में किसी को भी न बताने की भी धमकी दी थी। बहन की धमकी से बालक सहम गया था इसलिए उसने किसी को भी इस घटना के संबंध में जानकारी नहीं दी थी और वह यूंही तड़पता रहा था।
मां-पिता के बीच चल रही है कानूनी लड़ाई
दो महीने बाद 7 साल के मासूम के ट्यूशन टीचर ने उसके हाथों पर यह निशान देखे और उन्होंने इस संबंध में इसकी जानकारी बच्चे की मां को दी थी। जिसके बाद मां ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि अभी इस मामले में आगे की जांच की जा रही है। 7 साल के मासूम के परिवार में कानूनी विवाद चल रहा है। उसके माता-पिता का तलाक के मामले पर अभी कोर्ट में सुनवाई चल रही है। हालांकि कोर्ट के आदेश पर ही बच्चे की कस्टडी उसके पिता को दी गई थी। कोर्ट के आदेश पर मासूम पिता के घर सैनिक फॉर्म में 3 महीने के लिए रह रहा था।