ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में नोएडा फिल्म सिटी के निर्माण की कवायद तेज हुई है। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में विकसित होने वाली फिल्म सिटी का बोनी कपूर की बेव्यू कंपनी और भूटानी समूह को नक्शा पास करने के लिए प्राधिकरण ने लेटर जारी किया है। इसमें कहा गया है कि वह किस जगह क्या बनाएंगे? कितनी ग्रीनरी छोड़ी जाएगी, इसकी तमाम जानकारी दें। जानकारी के अनुसार, बोनी कपूर इस महीने ग्रेटर नोएडा आ सकते हैं।
ग्रेटर नोएडा आने के बाद बोनी कपूर यमुना प्राधिकरण की बैठक में शिरकत करेंगे। इसके बाद फिल्म सिटी का शिलान्यास हो सकता है। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-21 में 1000 एकड़ में फिल्म सिटी प्रस्तावित है। फिल्म सिटी का 7 चरणों में विकास किया जाना है। प्रथम चरण में 230 एकड़ में फिल्म सिटी विकसित की जाएगी। बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रॉजेक्ट्स ने भूटानी समूह के साथ मिलकर सबसे अधिक बोली लगाकर डिवेलपर कंपनी का अधिकार लिया था।
जारी हुआ है आवंटन पत्र
कैबिनेट ने भी कंपनी को आवंटन पत्र जारी किया है। इसमें प्राधिकरण की ओर से कंपनी के सामने कुछ शर्त रखीं, जिसके बाद निर्माण शुरू करने को लेकर सहमति बनी। शर्त के अनुसार, कंपनी को प्राधिकरण के नाम 80 करोड़ रुपये बतौर सुरक्षा राशि जमा करने होंगे। इसके अलावा फिल्म सिटी से मिलने वाले राजस्व का 18 प्रतिशत भी यमुना प्राधिकरण को देना होगा।
फिल्म सिटी के लिए रोड आदि अन्य जरूरी सुविधाएं प्राधिकरण विकसित करेगा, जबकि इसके डिजाइन और निर्माण का पूरा कार्य कंपनी को करना होगा। बोनी कपूर विशेष प्रयोजन माध्यम संस्था (एसपीवी) भी बनाएंगे, ताकि तय किए गए नियमानुसार डिजाइन व निर्माण किया जा सके।
बैठक के बाद शिलान्यास
जानकारी मिली है कि बोनी कपूर इस महीने के बीच ग्रेटर नोएडा आ सकते हैं। ग्रेटर नोएडा आने के बाद वे यमुना प्राधिकरण की बैठक में शिरकत करेंगे। इसके बाद फिल्म सिटी का शिलान्यास हो सकता है। फिल्म सिटी का निर्माण तय नियमों के अनुसार कराने व मॉनिटरिंग के लिए यीडा के सीईओ और एसीईओ को भी बोर्ड में विकासकर्ता कंपनी के अधिकारियों के साथ शामिल किया जाएगा।