ग्रेटर नोएडा थाना सूरजपुर क्षेत्र के तिलपता गोल चक्कर के पास शनिवार सुबह एक कंपनी की स्टाफ बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय करीब 25 से 30 महिला कर्मचारी बस में सवार थीं। इस घटना में एक 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एक कंपनी की करीब 25 महिला कर्मचारियों को लेकर एक बस शनिवार सुबह गाजियाबाद के धौलाना से नोएडा आ रही थी। तिलपता गोल चक्कर के पास बस डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में बस में सवार 20 वर्षीय युवती टीना की मौत हो गई, जबकि ममता, रितु, काजल और सपना सहित कई अन्य महिलाएं घायल हो गईं।
उन्होंने बताया कि हादसे में घायल चार महिलाओं की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि बस चालक मौके से फरार है और बस को क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात को सुचारु किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही नोएडा सेंट्रल जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मौके का दौरा किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।