नोएडा। सीने में दर्द की शिकायत पर रविवार रात सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती हुए हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला की सोमवार सुबह एंजियोग्राफी की गई। जांच में हृदय की एक धमनी में ब्लाकेज की शिकायत पर डाक्टरों ने एंजियोप्लास्टी कर स्टेंट डाला। उनकी हालत में सुधार हो रहा है। उन्हें स्वास्थ्य लाभ के लिए अस्पताल में भर्ती रहने की सलाह दी है।
बड़ी संख्या में जुटे लोग
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल की सेहत जानने के लिए अस्पताल में बड़ी संख्या में सुबह से शाम तक भाजपा नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। वहीं, गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर डाक्टरों से हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल की सेहत के बार में जानकारी ली। अस्पताल के प्रबंधक वीबी जोशी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला रविवार रात सीने में दर्द की शिकायत पर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। सेहत को देखते हुए तुरंत एंजियोग्राफी की गई।
क्या मिला जांच में?
जांच में एक धमनी में ब्लाकेज मिला। इस कारण एंजियोप्लास्टी करनी पड़ी है। इससे उन्हें स्वास्थ्य लाभ पहुंचा है। डाक्टरों ने उन्हें दो दिन इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती रहने की सलाह दी है। एंजियोग्राफी ऐसा टेस्ट है जिससे हृदय में यह पता चलता है कि कितने ब्लाकेज हैं। उसके बाद एंजियोप्लास्टी होती है जिसमें स्टेंट पड़ता है। राज्यपाल की तबीयत नासाज होने की जानकारी मिलने पर अनेक नेताओं ने उनकी कुशलक्षेम जानी और इंटरनेट मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।