ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सोसायटी में रहने वाली पांच साल की बच्ची से डिजिटल दुष्कर्म किया गया। आरोप बच्ची के पिता पर मां ने लगाया है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने बेटी के साथ घिनौनी हरकत की।
वहीं पुलिस का कहना है कि दंपती के बीच विवाद चल रहा है। दोनों एक ही फ्लैट में अलग-अलग कमरे में रहते हैं। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही बच्ची के बयान कोर्ट में दर्ज कराएगी। हालांकि मेडिकल परीक्षण कराकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बिसरख कोतवाली प्रभारी उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने बेटी के साथ 18 जून की रात डिजिटल दुष्कर्म किया। बच्ची ने प्राइवेट पार्ट में दर्द होने पर मां को घटना की जानकारी दी। मां ने दर्द होने का कारण पूछा तब बच्ची ने रात को सोते समय डिजिटल दुष्कर्म की बात बताई। इस बात को लेकर दंपती के बीच विवाद हुआ था। पति के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर महिला ने बेटी को न्याय दिलाने की बात कही है।
क्या होता है डिजिटल दुष्कर्म
डिजिटल दुष्कर्म का मतलब यह नहीं कि किसी लड़की या लड़के का शोषण इंटरनेट के माध्यम से किया जाए। यह शब्द दो शब्द डिजिट और दुष्कर्म से बना है। अंग्रेजी के डिजिट का मतलब जहां अंक होता है, वहीं अंग्रेजी शब्दकोश के मुताबिक अंगुली, अंगूठा, पैर की अंगुली इन शरीर के अंगों को भी डिजिट से संबोधित किया जाता हैं। यानी वह यौन उत्पीड़न जो डिजिट से किया गया हो, तब उसे ‘डिजिटल दुष्कर्म’ कहा जाता है।
दरअसल, डिजिटल दुष्कर्म से जुड़ी घटनाओं में महिला के प्राइवेट पार्ट में फिंगर्स का इस्तेमाल किया जाता है। निर्भया कांड के बाद महिलाओं के खिलाफ बढ़ते दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए डिजिटल दुष्कर्म में भी बेहद सख्त सजा का प्रावधान किया गया है।