नई दिल्ली। दिल्ली में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की ब्रिकी पूरी तरह से बंद नहीं हो पाई है। अब जगतपुरी इलाके में मांझे की चपेट में आने से रविवार शाम एक मोटरसाइकिल सवार युवक का गला कट गया। घायल अभिनव (22) को पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनकी हालत नाजुक है।
एमबीए की पढ़ाई कर रहा है पीड़ित
खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। अभिनव परिवार के साथ बदरपुर में रहते हैं। वह एमबीए की पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी बहन सुख विहार में अपने परिवार के साथ रहती हैं।
अभिनव रविवार शाम को मोटरसाइकिल से मास्टरप्लान रोड पर खुरेजी से सुख विहार जा रहे थे। जैसे ही वह जगतपुरी थाने से आगे बढ़े, अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए।
पीड़ित कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनकी गला काफी गहरी कट गई। गर्दन से खून बहने लगा। किसी तरह से उन्होंने मोटरसाइकिल रोकी। राहगीरों की सचूना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। इससे पहले भी यमुनापार में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कई हादसे हो चुके हैं।