गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित साहिबाबाद के करहैड़ा बिजली घर के पास मंगलवार रात मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से घायल लुटेरा गिरफ्तार किया गया। उसके पास से तमंचा, कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक और 16,500 रुपये बरामद हुए। उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार रात में हिंडन एयरफोर्स गोल चक्कर पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रूकने का इशारा किया गया। उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। करहैड़ा बिजली घर के पास संदिग्धों ने फिर पुलिस पर फायरिंग की।
साथी फरार होने में कामयाब
पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली एक संदिग्ध के दाहिने पैर में लगी। दोनों संदिग्ध सड़क पर गिर गए। पुलिस ने घेराबंदी करके गोली लगे संदिग्ध को दबोच लिया। उसकी पहचान शालीमार गार्डन के शातिर लुटेरे शाहिद अफरीदी के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। उसका साथी अंधेरा का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
शातिर लुटेरा है शाहिद
ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शाहिद बहुत ही शातिर लुटेरा है। वह अपने साथी के साथ फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दिल्ली-एनसीआर में घूमता था। लोगाें से चेन व मोबाइल लूटता था। चोरी भी करता था। उसके खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी व हत्या की कोशिश के एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि उसका फरार साथी भी शातिर लुटेरा है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।
आवेदन करने पर हिंदी में सुनवाई करने के लिए बाध्य हैं दिल्ली की अदालतें
दिन में दबोचा गया था लुटेरा
मंगलवार दिन में साहिबाबाद कोतवाली पुलिस की आनंद औद्योगिक क्षेत्र में लुटेरे से मुठभेड़ हुई थी। गोली लगने से घायल लुटेरा नीलमणि कालोनी का मुनाजिर को गिरफ्तार किया गया था। वह अपने गिरोह के सदस्याें के साथ ट्रक लूटता था। उसके गिरोह के 11 सदस्य पहले भी गिरफ्तार किए जा चुके थे। तीन सदस्य अब भी फरार हैं।