नोएडा। देश की राजधानी दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर जिले में बड़ा हादसा हुआ है। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी की 14 एवेन्यू में एक बिल्डिंग की 22वीं मंजिल से युवक-युवती कूद गए। इससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। दोनों के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, घटनास्थल की जगह खून से लथपथ हो गई। आसपास हड़कंप की स्थिति है। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच की जा रही है। मामला शुक्रवार दोपहर बाद का बताया जा रहा है।
दरवाजा बंद करके की आत्महत्या
मामला बिसरख थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि दोनों ने अपना फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया, इसके बाद बालकनी से दोनों ने छलांग लगा दी। पुलिस का कहना दोनों लिव-इन में रह रहे थे। पुलिस द्वारा अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस के पास दरवाजा खोलने के लिए चाभी नहीं है। इसलिए बिल्डर को बुलाया गया है। कमरे का दरवाजा खोलने के बाद अंदर की स्थिति पता चल पाएगी। दोनों में से किसी भी शव के पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिस वजह से ये पता नहीं चल पा रहा है कि दोनों ने किस कारण आत्मघाती कदम उठाया था।
परिजनों के बारे में जानकारी नहीं मिली
पुलिस ने बताया कि अभी दोनों के परिजनों के बारे में भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। जिससे कि उनके परिजनों को सूचना दी जा सके। पड़ोसियों ने बताया कि जब उन्हें जोर से आवाज आई, तो वहां तक नजर पड़ी। पास जाकर देखा तो युवक और युवती जमीन पर पड़े हुए थे, आसपास खून फैला हुआ था।