नीरज शर्मा की खबर
बुलंदशहर। नगर के भूड़ स्थित रजवाहे में मिले अज्ञात शव का रविवार को सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन के पदाधिकारियों द्वारा अंतिम संस्कार किया गया। जो नगर के भूतेश्वर श्मशान घाट पर विधिवत आयोजित हुआ। मिशन के अध्यक्ष हेमंत सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर की आवास विकास चौकी पुलिस को चार दिन पूर्व रजवाहे में अज्ञात शव बरामद हुआ था। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम करवाकर शिनाख्त के लिए शव मोर्चरी में रखवा दिया गया था। पोस्टमार्टम के ७२ घंटे बाद भी शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस द्वारा मृतक के अंतिम संस्कार के लिए संपर्क किया गया। संस्था के कार्यकर्ताओं ने कोरोना संक्रमण के चलते सावधानी बरतते हुए पुलिस की मौजूदगी में क्षत-विक्षत अज्ञात शव का नगर के भूतेश्वर श्मशान घाट पर विधिवत अंतिम संस्कार किया। बताया कि संस्था के पदाधिकारी इससे पूर्व भी अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार कर चुके है। अंतिम संस्कार के दौरान आवास विकास चौकी के कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, मिशन के आचार्य कृष्ण मिश्रा, कपिल राणा, विशाल गिरी, विकास सिंह, रजत चौधरी, अभिषेक चौधरी खडक़, रवि पाल और सोनू राघव आदि मौजूद रहे।