रबूपुरा। क्षेत्र के एक गांव में दबंग व्यक्ति ने दलित महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया है। पीड़िता के पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला पर दबंग का सहयोग करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना मंगलवार दोपहर की है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला के पड़ोस में रहने वाली महिला उसे किसी बहाने से अपने साथ आरोपी के घर ले गई। आरोप है कि वहां आरोपी ने पीड़िता को कोल्ड्रिंक में मिलाकर नशीला पदार्थ खिला दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान दूसरी महिला घर की निगरानी करती रही। कुछ देर बाद होश आने पर पीड़िता ने इसका विरोध कर शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने अपने घरवालों को समूचे मामले की जानकारी दी। पीड़िता के पति ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने आरोपी अमन शर्मा के खिलाफ दलित उत्पीड़न व दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोप है कि घटना में सहयोग करने वाली महिला के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।