टुलसा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फरवरी के बाद अपनी पहली राजनीतिक रैली में एक बार फिर नस्ली भेदभाव के खिलाफ हो रहे विरोध-प्रदर्शनों की आलोचना की। इस दौरान उन्होंने महामारी को लेकर उठाए गए कदमों का भी बचाव किया। दरअसल, महामारी से निपटने के तरीकों को लेकर हो रही आलोचना और जॉर्ज फ्लॉयड की मौत को लेकर हो रहे प्रदर्शन के बीच ट्रंप की चुनाव अभियान टीम ने रैली का आयोजन किया था। हालांकि रैली में कम संख्या में लोगों के आने से उनका यह मकसद सफल होता नहीं दिख रहा है।
मंच पर आते ही ट्रंप ने कहा, ‘रिपब्लिकन सभी के लिए स्वतंत्रता, समानता और न्याय की बात करने वाली पार्टी है। हम अब्राहम लिंकन की पार्टी हैं। हम कानून-व्यवस्था की पार्टी हैं।’ उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब से पांच महीने बाद हम उन्हें हराने जा रहे हैं। ट्रंप ने रैली में कम संख्या में लोगों के आने के लिए मीडिया और रैली स्थल के बाहर जमा प्रदर्शनकारियों को जिम्मेदार ठहराया।
बता दें कि 19,000 सीट वाले बीओके सेंटर की अधिकांश सीटें खाली थीं। ट्रंप ने वामपंथियों को निशाने पर लेते हुए कहा, ‘यह अघोषित भीड़ ने हमारे इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश कर रही है। हमारे स्मारकों को बदनाम किया जा रहा है और वहां लगी प्रतिमाओं को तोड़ा जा रहा है। इतना ही नहीं जो लोग इनकी मांगों को मानने से इन्कार करते हैं, उन्हें यह प्रताडि़त करत हैं।’ रैली के दौरान ट्रंप ने दो मार्च को टुलसा में रैली रखे जाने पर हो रही आलोचना का भी जवाब दिया।
रैली स्थल के बाहर भिड़े ट्रंप समर्थक और विरोधी रैली स्थल के बाहर ट्रंप समर्थकों और विरोधियों में भिड़ंत हो गई जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। रैली के बाहर जुटे प्रदर्शनकारियों ने ‘ब्लैक लाइव्स मैटर’ के नारे लगाए। शहर के केंद्र में स्थित मार्गो पर सैकड़ों लोगों ने मार्च किया और कई बार यातायात को भी बाधित किया लेकिन पुलिस ने शनिवार दोपहर तक केवल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की जानकारी दी है। टुलसा पुलिस ने कहा कि उन्होंने एक महिला को गिरफ्तार किया है जो राष्ट्रपति ट्रंप की रैली के लिए निर्धारित स्थान के बाहर एक सुरक्षित हिस्से में मौजूद थी।
सिएटल के प्रदर्शन स्थल पर फायरिंग में एक की मौत, एक घायल
अमेरिका के सिएटल में हुई गोलीबारी में एक 19 साल के शख्स की मौत हो गई है, वहीं अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना सिएटल के प्रदर्शन स्थल पर हुई। ये जानकारी वहां के पुलिस विभाग ने दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिएटल में हुई फायरिंग की वारदात शनिवार सुबह करीब 2:30 बजे शहर के डाउनटाउन इलाके में हुई। इस एरिया को सीएचओपी के नाम से भी जाना जाता है, जिसका मतलब होता है कैपिटल हिल आक्यूपाइड प्रोटेस्ट। फिलहाल पुलिस मामले की जांच करने के लिए बॉडी कैमरे की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी को पकड़ा नहीं जा सका है।
मिनीपोलिस में भी फायरिंग, एक की मौत
मिनीपोलिस मंे रविवार तड़के हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की जहां मौत हो गई वहीं 11 अन्य घायल हो गए। अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। बता दें कि यहीं पर पुलिस हिरासत में जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद पूरे देश में नस्ली भेदभाव से जुड़े बड़े पैमाने पर प्रदर्शन शुरू हुए थे