नीरज शर्मा की खबर
औरंगाबाद: क्षेत्र के गांव पूठी नसीराबाद खुटैल फार्म हाउस पर प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी मंगलवार को किसानों के मसीहा चैधरी महेन्द्र सिंह टिकैत के जन्मदिन पर किसानों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जन्मदिन के बाद किसानों की समस्याओं पर भी विशेष चर्चा की गई। जिसमें भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष गुडडू प्रधान ने कहा कि किसानों के साथ किये जा रहे शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
मंगलवार को गांव पूठी नसीराबाद फार्म हाउस पर किसानों के मसीहा चैधरी महेन्द्र सिंह टिकैत के जन्मदिन के अवसर पर यज्ञ का आयोजन किया गया। जन्मदिन में जनपद गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद से भी भारी तादात में भाकियू पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बाबा टिकैत के चित्र में पुष्प अर्पित किये। इस मौके पर भाकियू पूर्व जिलाध्यक्ष नरेन्द्र गुडडू प्रधान ने कहा कि किसानों को अपनी धान बेचने के लिये पूरी रात मंडी में रहना पड़ता है। गन्ना किसानों को अभी तक पिछले पेराई सत्र में खरीदे गये गन्ने का चीनी मिलों ने भुगतान नहीं किया है। किसानों को खाद बीज के लिये परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि सरकार ने कृषि विधेयक का वापस नहीं लिया तो भाकियू सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। बाद में रागनियों का रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रागनी के कलाकारों ने महाभारत पर रागनी प्रस्तुत कर कार्यक्रम का समा बांधा। लेकिन कार्यक्रम में शारीरिक दूरी का कोई पालन नहीं किया गया। कार्यक्रम में किसान एक दूसरे से भिड़कर खड़े हुए थे। उक्त कार्यक्रम में किसानों के लिये खाने की व्यवस्था की गई थी। इस मौके पर जिला प्रभारी तेजवीर सिंह, विशन सिरोही, अमरपाल लोधी, राजकुमार शर्मा, सोनू पाठक, पवन राजपूत, सोनू लोधी, दाताराम लोधी, गंगाप्रसाद आदि सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।