शूटर प्रशांत बिश्नोई जंगल में वन्य जीव-जंतुओं का शिकार करने के बाद उनके मांस को फ्रीजर लगी गाडिय़ों से घर ले आता था। यहां से मांस को फ्रीजर में स्टोर करके नामचीन होटलों में सप्लाई की भी आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, वन्य जीवों का मांस खाने के शौकीन प्रशांत के संपर्क में रहते थे। बताया जाता है कि मेरठ के कई फार्म हाउस में भी वन्य जीवों के मांस की पार्टियां होती थीं। डीआरआइ की टीमें इस बात की भी जांच पड़ताल में जुटी हैं कि वन्य जीव-जंतुओं का मांस किन होटलों में और राज्यों में सप्लाई हो रहा था।
भारी मात्रा में वन्य जीवों का मांस
प्रशांत बिश्नोई के घर से छापामारी के दौरान डीप फ्रीजर में रखे 45 पैकेटों में 117 किलो वन्य जीवों का मांस बरामद हुआ। प्रशांत के घर में खड़ी टोयोटा कार की डिग्गी में भी फ्रीजर लगा हुआ था। घर में इतना मांस डीप फ्रीजर में रखे होने से साफ है कि वन्य जीव जंतुओं के मांस को लग्जरी गाडिय़ों में लगे फ्रीजर में रखकर होटलों में सप्लाई किया जाता था। इस मांस को होटल संचालक मनमाने दामों पर अपने खास ग्राहकों को ही परोसते थे। सूत्रों के मुताबिक सबसे ज्यादा डिमांड हिरण, सांभर और नील गाय के मांस की रहती है।