अंतिम संस्कार: सुल्तानपुर। दियरा घाट पर अंतिम संस्कार के बाद गोमती नदी में स्नान कर रहे एक किशोर समेत दो लोग पानी के तेज बहाव में डूब गए। ग्रामीणों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की है, लेकिन देर शाम तक उनका पता नहीं चल सका है। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने अभियान तेज करने का आश्वासन दिया।
जयसिंहपुर क्षेत्र के मैरी रंजीत (नथईपुर) गांव निवासी रामप्यारे का बृहस्पतिवार को निधन हो गया था। शुक्रवार को गांव के लोग उनका अंतिम संस्कार करने मोतिगरपुर क्षेत्र के दियरा घाट पहुंचे थे। शव के दाह संस्कार के बाद दोपहर करीब दो बजे लोग गोमती नदी में स्नान रहे थे। गांव वालों के साथ नथईपुर के हिमांशु (19) पुत्र अयोध्या प्रसाद व मुरारी (14) पुत्र महावीर भी नदी में स्नान कर रहे थे। इस बीच दोनों गहरे पानी में चले गए। चीख-पुकार पर लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। साथ आए लोगों ने घटना की सूचना मोतिगरपुर पुलिस को दी।
सूचना पाकर मोतिगरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों के प्रयास से हिमांशु और मुरारी को ढूंढने के लिए गोताखोरों का उतारा है, लेकिन देर शाम तक पता नहीं चल सका है। मैरी रंजीत के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमित सिंह ने पुलिस से और गोताखोरों की मदद लेने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर जयसिंहपुर एसडीएम रामअवतार, थानाध्यक्ष मोतिगरपुर राजकुमार दियरा पहुंच गए हैं। दो लोगों के नदी में डूबने की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। संबंधित परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मोतिगरपुर पुलिस स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से लापता दोनों किशोरों को ढूंढने का प्रयास कर रही है। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को बहने से बचाने का प्रयास किया, लेकिन बचा नहीं पाई। लापता किशोर हिमांशु यादव चित्रकूट में प्राइवेट कंपनी में काम करता है वहीं मुरारी दियरा इंटरमीडिएट कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र है।