नोएडा। अमेरिका में रहने वाली महिला ने प्रॉपर्टी डीलर पर भूखंड दिलाने के नाम पर 44.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला ने प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ सेक्टर 39 थाने में केस दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में रचना सिंह ने बताया कि वह अमेरिका में रहती है। उनका कहना है कि वर्ष 2015 में नोएडा में प्रॉपर्टी खरीदने के लिए उन्होंने प्रॉपर्टी डीलर सरसेज अरोड़ा से संपर्क किया था। महिला ने बताया कि अरोड़ा ने उन्हें फैजल और अरुण नाम के दो लोगों से मिलवाया। इनकी मुलाकात जीआईपी मॉल में हुई थी। इस दौरान एक भूखंड का सौदा 44 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ।
महिला का आरोप है कि सरसेज अरोड़ा ने उनसे 44.50 लाख रुपये ले लिये। फिर जिनसे प्रॉपर्टी खरीदनी थी, उन्हें पैसा देने के बजाय अपने पास रख लिया। महिला ने बताया कि वर्ष 2015 में ही उनके पति की तबीयत खराब हो गई। इस पर उन्हें वापस अमेरिका जाना पड़ा। तब से महिला ने कई बार प्रॉपर्टी डीलर से अपने पैसे मांगे, लेकिन उसने वापस नहीं दिए। अब महिला ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।