नई दिल्ली/नोएडा। ग्रेटर नोएडा और आगरा के बीच 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेस-वे पर लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के पर्यटक भारी संख्या में यमुना एक्सप्रेस-वे के जरिये अन्य राज्यों का रुख कर रहे हैं, इसके चलते जेवर टोल पर वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई है। वहीं, ग्रेटर नोएडा पुलिस के अनुसार, वीकेंड और क्रिसमस मनाने के लिए लोग अन्य जगहों पर जा रहे हैं, जिससे वाहन चालकों की संख्या में अप्रत्याशित रूप से इजाफा हुआ है। ऐसे में जेवर टोल प्लाजा से पहले वाहनों की लंबी कतार लग गई है। यातायात सामान्य करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। उधर, नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने अपने आधिकारिक हैंडल से हिंदी में एक ट्वीट में कहा- है- ‘सप्ताहांत के कारण भारी ट्रैफिक के कारण जेवर टोल यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक धीमी गति से चल रहा है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ट्रैफिक को सामान्य बनाने में लगे हुए हैं।’
इससे पहले अक्टूबर महीने में भी यमुना एक्सप्रेस-वे पर आरामदायक सफर की चाह में दिल्ली-एनसीआर से निकले हजारों वाहन जेवर टोल प्लाजा पर लगे लंबे जाम में फंस गए थे। ऐसे में वाहन चालकों का आगरा तक पहुंचने का समय जेवर टोल पार करने में ही बर्बाद हो गया था। वहीं, अक्टूबर महीने में लगे जाम को जेवर कोतवाली पुलिस ने जेपी इन्फ्राटेक के निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ घंटों की मशक्कत के बाद खुलवाया और टोल पर फंसे वाहनों को निकाला। इस बीच करीब छह घंटे तक एक्सप्रेस-वे पर जाम लगा रहा। कुछ वाहन चालक अपना आगे का प्लान बदल जेवर से ही दिल्ली वापस लौट गए थे।
एक्सप्रेस-वे पर जाम के दौरान दो लेन पर बनी फास्टैग की व्यवस्था भी ध्वस्त रही। फास्टैग लेन से गुजरने वाले वाहनों को भी जाम का सामना करना पड़ा। पुलिस के मुताबिक वाहनों का अधिक दबाव होने के चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। ग्रेटर नोएडा पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को शनिवार और फिर रविवार को दो दिन की छुट्टी के चलते लोगों ने वीकेंड प्लान बनाया था। ऐसे में अधिक वाहनों की संख्या के चलते जेवर टोल प्लाजा पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
वहीं, नोएडा में पुस्ता रोड की खराब हालत के चलते लोगों को आवाजाही करने के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढों के चलते लोग दुर्घटना की संभावनाओं के बीच आवाजाही करने को मजबूर हंै। दरअसल शाहदरा और इलाहबास गांव से पुस्ता रोड कालोनी, सेक्टर-140,143 और 144 को जोड़ने वाले मार्ग की खराब हालत कई वर्ष से बनी हुई है। जिसके निर्माण की मांग स्थानीय निवासी नोएडा प्राधिकरण, जन प्रतिनिधि और अन्य सरकारी विभागों से कर रहे हैं। बावजूद इसके सड़क का निर्माण नही हुआ है।
स्थानीय निवासियों का कहना है करीब चार किलोमीटर लंबा पुस्ता मार्ग स्थानीय लोगों का बहुत पुराना मार्ग है। जिसपर रोजाना ग्रामीणों को आवाजाही करनी पड़ती है। इस दौरान सड़क पर गिट्टियां डाबर से उखड़ गई हैं। पूरा मार्ग बहुत खराब हालत में हैं। लोगों का कहना है इसके लिए प्राधिकरण अधिकारियों से भी कई बार सड़क बनवाने के लिए मिले, लेकिन प्राधिकरण की तरफ से सिंचाई विभाग द्वारा निर्माण कार्य करने को कहा जा रहा है।
आरोप है कि सरकारी विभागों के चक्कर लगाने के साथ स्थानीय विधायक तेजपाल नागर और सांसद महेश शर्मा से भी सड़क बनवाने की मांग की है, लेकिन अभी तक सड़क निर्माण नही किया गया है। लोगों का कहना है सड़क का उद्घाटन करने के बावजूद निर्माण शुरू नही हुआ है। इस मौके पर सुभाष भाटी, सुमित गुर्जर, राहुल, विनोद नागर और राजबीर सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।