ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक महीने पहले हुई सैलून संचालक की हत्या के आरोप में फरार चल रहे आरोपी दोस्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। पकड़े गए आरोपी ने रुपये के लेनदेन को लेकर दोस्त की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।
बिसरख कोतवाली पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को मिलक लच्छी गांव में रहने वाले सैलून संचालक साबिर की हत्या कर दी गई थी। साबिर का शव ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित निर्माणाधीन इमारत में पड़ा मिला था। इस मामले में मृतक के बेटे ने पिता के दोस्त विनोद पर हत्या करने का आरोप लगाया था। इसके बाद से आरोपी विनोद फरार चल रहा था। पुलिस ने हत्यारोपी विनोद पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। इस घटना में पूर्व में पुलिस ने आरोपी विनोद के साथी को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि विनोद ने अपने साथी के साथ मिलकर रुपये के लेनदेन में साबिर की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।