नीरज शर्मा की खबर
बुलंदशहर : जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने मण्डी समिति बुलन्दशहर में शासन द्वारा निर्धारित धान के मूल्य रू0 1868 के सापेक्ष मण्डी परिसर में आढ़तियों द्वारा किसानों के धान को कम मूल्य पर खरीदने की शिकायतें प्राप्त होने के दृष्टिगत स्थलीय निरीक्षण करते हुए किसानों से धान बेचने, मूल्य तथा अन्य परेशानियों के संबंध में जानकारी हासिल की। किसानों से वार्ता के दौरान एक किसान महेन्द्र सिंह निवासी सुरजावली द्वारा बताया गया कि आढ़ती द्वारा उसका धान सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य से कम पर खरीदा गया है जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके पर उक्त आढ़ती को पुलिस बुलवाकर सुपुर्द करते हुए मण्डी समिति के अधिकारियों को वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही किसान को उसके धान का उचित मूल्य दिलाये जाने के लिए भी निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने मण्डी समिति परिसर में स्थापित भारतीय खाद्य निगम के धान क्रय केन्द्र का स्थलीय निरीक्षण करते हुए क्रय केन्द्र पर हुई खरीद की प्रविष्टियों का पंजिका में अवलोकन किया। साथ ही मौके पर उपस्थित किसान से उसके धान के मूल्य के संबंध में जानकारी लिये जाने पर किसान द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में स्थापित धान क्रय केन्द्रों पर किसानों के धान क्रय किये जाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये। साथ ही समस्त मण्डी समितियों में सरकार द्वारा धान के निर्धारित समर्थन मूल्य रू0 1868 तथा जनपद में स्थित धान क्रय केन्द्र के प्रभारी का नाम, मोबाइल नम्बर सहित बैनर/फ्लैक्श लगाया जाये ताकि किसानों को उचित मूल्य पाने में कठिनाई ना हों । उन्होंने मण्डी सचिवों को निर्देशित करते हुए कहा कि वह प्रतिदिन मण्डी में अधिक से अधिक किसानों से वार्ता करते हुए उनके धान के मूल्य के संबंध में जानकारी हासिल करते हुए सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही उनका धान बिकवाया जाये। यदि कोई आढ़ती किसानों से सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य से कम मूल्य पर धान क्रय करता है तो संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए किसान के धान को राजकीय धान क्रय केन्द्र पर भिजवाकर विक्रय कराया जाये और सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी क्रयकेंद्र किसानों का धान लेने से मना न करे । इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंघल, अपर जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार, ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट सान्या छावड़ा सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।