गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर के दस लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में गाजियाबाद सबसे स्वच्छ है। बृहस्पतिवार को घोषित स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 के परिणाम में गाज़ियाबाद को यह गौरव हासिल हुआ। प्रदेश स्तर पर दो पायदान फिसल कर गाज़ियाबाद तीसरे स्थान पर पहुंच गया। वहीं देश में 19वां स्थान मिला। जबकि पिछले वर्ष 13वां पायदान प्राप्त हुआ था।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने लीग फॉरमेट में स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 कराया। जोकि, पिछल चार सर्वेक्षण से बिल्कुल अलग था। सेवा स्तर, प्रमाणीकरण, नागरिक प्रतिक्रिया और प्रत्यक्ष अवलोक के आधार पर शहर की स्वच्छता को परखा गया। इन मानकों पर स्वच्छता की परख कर गाज़ियाबाद को छह हजार में से 4283.26 अंक दिए गए हैं। इन अंकों के आधार दस लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में गाजियाबाद दिल्ली-एनसीआर के शहरों में पहले पायदान पर है। दक्षिणी दिल्ली दूसरे, फरीदाबाद तीसरे, उत्तरी दिल्ली चौथे और पूर्वी दिल्ली पांचवे स्थान पर है।
प्रदेश में लखनऊ और आगरा निकले आगे
प्रदेश स्तर पर इस बार लखनऊ और आगरा ने बाजी मार ली। लखनऊ ने पहला और आगरा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। गाज़ियाबाद को तीसरा स्थान मिला है। पिछली बार गाज़ियाबाद प्रदेश में पहले, कानुपर दूसरे और आगरा तीसरे पायदान पर था। लखनऊ वरियता सूची में था।
दिल्ली-एनसीआर के शहरों के अंक
गाजियाबाद – 4283.26
दक्षिणी दिल्ली-3422.27
फरीदाबाद-2646.69
उत्तरी दिल्ली-2169.25
पूर्वी दिल्ली-1962.31
(कुल 6000 अंकों में से प्राप्तांक)
नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में गाज़ियाबाद स्वच्छता के मामले में अव्वल रहा है। यह गर्व की बात है। देश और प्रदेश स्तर पर रैंकिंग में कई पायदान फिसले हैं। विश्लेषण कर कमियों को दूर किया जाएगा। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। सबसे ज्यादा जोर वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट को बनवाने पर दिया जाएगा। वैज्ञानिक तरीके से कूड़े का निस्तारण किया जाएगा।
स्वच्छता सर्वेक्षण में नोएडा देशभर में 25वें नंबर पर
वहीं, स्वच्छ भारत अभियान के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में एक से 10 लाख की आबादी में नोएडा को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। जबकि देशभर में गाज़ियाबाद को 25वां स्थान मिला है। नोएडा को 4403.22 अंक मिले हैं।