कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल जिले की दुगड्डा नगर पालिका से सटे ग्राम गोदी बड़ी में लगाए गए पिंजरे में नर गुलदार कैद हो गया है। इससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। गुलदार के कैद होने की खबर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी दिनेश घिल्डियाल और एसओजी प्रभारी अनुराग जुयाल मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम पिंजरे को गांव से मोड़ाखाल लेकर आई है, जहां से गुलदार को चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि गुलदार के कैनाइन घिसे हुए हैं। बता देें हाल ही में उसने एक बच्ची को निवाला बनाया था।
क्षेत्र में काफी समय से गुलदार का आतकं बना हुआ था। 10 अप्रैल की शाम करीब सात बजे गुलदार ने गांव के समीप एक मासूम को निवाला बना दिया। ग्राम गोदी बड़ी निवासी चंद्र मोहन डबराल की साढे तीन वर्षीय पुत्री माही शनिवार शाम को अपनी दादी व अन्य ग्रामीणों के साथ खेत से घर की ओर आ रही थी। माही दादी से आगे बच्चों के साथ चल रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगा कर बैठे गुलदार ने बच्ची पर झपट्टा मार दिया और उसे घसीटते हुए झाड़ियों की ओर ले गया। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए झाड़ियों की ओर पत्थर फेंकने शुरू किए, जिसके बाद गुलदार माही को मौके पर छोड़ जंगल की ओर भाग गया।
घटना के बाद वन विभाग ने गांव में दो स्थानों पर पिंजरे लगा दिए थे। लैंसडाउन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज के रेंज अधिकारी किशोर नौटियाल ने बताया कि गांव के समीप लगाए गए पिंजरे में गुरुवार तड़के एक गुलदार कैद हुआ है। गौरतलब है कि 11 मार्च को भी गुलदार ने दुगड्डा नगर से सटे ग्राम सरड़ा में भी एक बच्चे पर हमला किया था। गुलदार के हमले में बच्चा बुरी तरह घायल हो गया था।