गगन बंसल की खबर
जहांगीराबाद। नगर पालिका टीम द्वारा संचालित कान्हा गौशाला का गुरुवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने एसएसपी सन्तोष कुमार सिंह के साथ औचक निरीक्षण करते हुए गौवंशो के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय गौशाला में करीब संरक्षित 300 गौवंशो के चारे-पानी व रहन-सहन से सम्बंधित जानकारी हांसिल की।
उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी अंकुर चौहान से गौवंशो के स्वास्थ्य के संबंध में आवश्यक जानकारी हासिल की। गौवंशो को चारा विलम्ब से दिए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए ईओ नगर पालिका का स्पष्टीकरण तथा संबंधित केयरटेकरो का एक सप्ताह का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही समय से चारे की व्यवस्था कर गौवंशो को दिए जाने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, ईओ नगर पालिका श्यामेन्द्र मोहन चौधरी, प्रधान लिपिक सन्तोष भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।