दनकौर। बिलासपुर कस्बे में सरेबाजार दरोगा को गोली मारकर घायल करने वाले बदमाश के साथी को पुलिस तीन दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस की कई टीमें फरार बदमाश को तलाश कर रही हैं लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा है।
बाजार में शुक्रवार को गश्त के दौरान बिलासपुर चौकी इंचार्ज अंकित चौधरी को एक बदमाश ने गोली मारकर घायल कर दिया था। बदमाश का साथी बाइक लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने गोली मारने वाले बदमाश विपिन नागर निवासी गांव इमलिया को गिरफ्तार कर लिया था। आरोप है कि घटनास्थल पर बदमाश को ले जाकर जब पुलिस ने हथियार बरामदगी का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर गोली चला दी थी। पुलिस की जवाबी गोली से बदमाश घायल हो गया था। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के बाद न्यायालय में हाजिर किया। न्यायालय ने शनिवार को उसे जेल भेज दिया था।
दरोगा को गोली मारने वाले बदमाश विपिन नागर का साथी सिकंदर अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस को आशंका है कि कहीं वह न्यायालय में समर्पण न कर दे। पुलिस न्यायालय में हाजिर होने से पहले बदमाश को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार भगोड़े बदमाश के खिलाफ थाना ईकोटेक में कई मुकदमे दर्ज हैं।