नोएडा। ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-128 के पास मंगलवार शाम फॉर्च्यूनर चालक ने एक कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दिल्ली पुलिस के दरोगा और उनका भतीजा घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के कारण जाम की स्थिति बन गई।
दिल्ली के नेहरू विहार निवासी विजय पाल मंगलवार शाम अपने भतीजे शिवम के साथ सिलेरियो कार में सवार होकर दनकौर से दिल्ली जा रहे थे। विजयपाल दिल्ली पुलिस में दरोगा हैं। जब वह ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-128 के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर चालक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में चाचा भतीजा दोनों घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने दोनों घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया है। दुर्घटना के चलते जाम की स्थिति बन गई। ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने फॉर्च्यूनर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।