यूपी के बिंदकी के घोरवां गांव में बेटी की शादी के दौरान पिता करंट की चपेट में आ गया। नाजुक हालत में उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घोरवां निवासी राजकुमार की पुत्री विभा देवी की शादी थी। बारात महरौली थाना साढ़ जनपद कानपुर नगर से आई थी। देर रात शादी की रश्में चल रहीं थी। तभी अचानक अफरा तफरी मच गई। शादी में लाइटिंग लगाई गई थी। बिजली का तार मुख्य दरवाजे से होकर गया था। भोर पहर राजकुमार गेट पकड़ कर घर से बाहर निकल रहे थे, तभी वह करंट की चपेट में आ गए। हादसे से शादी वाले घर मे कोहराम मच गया। तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक राजकुमार की सांसे थम चुकीं थीं। राजकुमार की मौत के बाद मचे कोहराम के बीच जैसे तैसे शादी की रश्में पूरी कराई गई। उधर पिता की लाश अस्पताल में पड़ी थी, इधर बेटी को विदा किया गया। बेटी पिता के अंतिम दर्शन करने की जिद कर रही थी लेकिन परिजनों ने समझा बुझा कर उसकी विदाई कर दी।