ग्रेटर नोएडा | सेक्टर बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में 130 मीटर रोड पर गुरुवार की रात स्टीयरिंग लॉक होने से तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए। पुलिस ने घायल दंपति को अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित पंचशील ग्रींस सोसाइटी में रहने वाले शैवाल भटनागर गुरुवार को पत्नी शिखा भटनागर के साथ कार में सवार होकर किसी काम से कहीं गए थे। देर रात दंपति वापस लौट रहे थे। इसी दौरान 130 मीटर रोड पर ऐच्छर पुलिस चौकी क्षेत्र में उनकी कार का स्टीयरिंग अचानक लॉक हो गया।
इसके चलते कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी घायल हो गए। पुलिस ने घायल दंपति को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने शिखा भटनागर को मृत घोषित कर दिया। शैवाल का इलाज चल रहा है।