गया। गया जिले में विधानसभा का चुनाव 28 अक्टूबर को संपन्न हो गया। अब परिणाम का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। जनता से लेकर प्रत्याशी तक उत्सुक हैं। इस बीच कई प्रत्याशी मंदिरों में हाजिरी लगा रहे हैं। मत्था टेककर भगवान से जीत सुनिश्चित करने का आशीर्वाद मांग रहे हैं।
शहरी विधानसभा क्षेत्र में 27 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। हर प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। हालांकि जानकारों का कहना है कि मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच का ही दिखता है। भाजपा से डॉ प्रेम कुमार एवं कांग्रेस से नगर निगम के डिप्टी मेयर अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव चुनाव मैदान में हैं। दोनों प्रत्याशी अपनी जीत का दावा ठोक रहे हैं। चुनाव संपन्न होने के बाद जहां डॉ प्रेम कुमार पटना रवाना हो गए हैं। वही कांग्रेस प्रत्याशी अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव मंदिरों में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। शहर में स्थित प्रमुख मंदिर मां बगलामुखी मां बागेश्वरी, मां मंगला गौरी एवं विष्णुपद मंदिर उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना की। भगवान श्री हरि विष्णु के चरण चिह्न पर तुलसी अर्चना एवं पंचामृत स्नान भी कराया जा रहा है। वही 28 अक्टूबर के चुनाव के दिन भाजपा प्रत्याशी डॉ प्रेम कुमार ने भी कई मंदिरों में पूजा अर्चना की। इसके बाद ही अपना वोट डाला था। चुनाव के पूर्व में भी दोनों प्रत्याशियों ने कई मंदिरों में पूजा अर्चना किया था। दोनों प्रत्याशी के समर्थक कहते हैं कि जीत सुनिश्चित है। इसी को लेकर प्रत्याशी मंदिरों में पूजा पाठ कर रहे हैं। शहर में दोनों प्रत्याशी समर्थकों में जोश देखा जा रहा है। लेकिन 10 नवंबर को मतगणना के बाद स्पष्ट हो जाएगा कि भगवान का कृपा दृष्टि किस पर है। कई अन्य प्रत्याशियों ने मंगलवार को मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया। लोगों का कहना है कि जनता जनार्दन के बाद अब ऊपरवाले जनार्दन पर ही तो आशा है।