नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में शुक्रवार को एक नक्सली हमला हुआ जिसमें भारत तिब्बत सीमा पुलिस के दो जवान हुए शहीद हो गए। बस्तर रेंज के इंस्पेक्टर जनरल सुंदरराज पी ने बताया कि यह हमला कादेमेता कैंप पर दोपहर 12.10 बजे हुआ। घात लगाए नक्सलियों ने कैंप से 600 मीटर की दूरी पर जवानों पर हमला किया। इसके बाद जवानों से एक AK-47 रायफल, दो बुलेटप्रूफ जैकेट और वाकी टाकी भी लूटकर नक्सली फरार हो गए।
शहीद होने वाले जवान ITBP की 45वीं बटालियन के ई कंपनी के जवान थे। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने इसकी जानकारी दी है। पुलिस ने बताया, ‘असिस्टेंट कमांडेंट सुधाकर शिंदे (Sudhakar Shinde) और असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह (Gurmukh Singh) इसमें शहीद हो गए। ये दोनों ही ITBP के 45वीं बटालियन में थे।’ हमले के बाद दुर्घटनास्थल पर सैन्य मदद पहुंचा दी गई है। साथ ही सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।