आगरा। छेड़छाड़ करने पर एक महिला ने टेंपो चालक को हाकी से सबक सिखाया। हाईवे पर उसने टेंपो चालक को हाकी से पीटा।युवक की हाकी से पिटाई का वीडियो शुक्रवार सुबह इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ। आरोपित आटो चालक को पकड़कर महिला थाने पहुंच गई। अब उसके खिलाफ तहरीर दे रही है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में हाईवे पर टेंपो खड़ा दिख रहा है। इसमें कुर्ता पजामा पहने युवक को एक महिला हाकी से पीट रही है। वीडियो में आसपास लोगों की भीड़ भी दिख रही है। महिला वीडियो में कह रही है कि वह फीरोजाबाद से टेंपो में बैठकर आ रही थी। रास्ते में टेंपो चालक ने छेड़छाड़ कर दी। महिला ने पुलिस से शिकायत करने के बजाय हाईवे पर खड़े होकर खुद ही हाकी लेकर सबक सिखा दिया। वीडियो में एक युवक की आवाज भी आ रही है। वह महिला से बार-बार कह रहा है कि मम्मी सिर में हाकी मत मारना। पैरों में मारो। माना जा रहा है कि पीछे से बोलना वाला युवक महिला का बेटा है। वही हाकी लेकर आया होगा। वीडियाे एत्मादपुर में आइओसी डिपो के पास हाईवे का बताया जा रहा है। शुक्रवार सुबह 11 बजे महिला आरोपित को लेकर थाना एत्मादपुर पहुंच गई। महिला एत्मादपुर क्षेत्र की रहने वाली है और आरोपित टेंपो चालक फीरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। अभी महिला उसके खिलाफ तहरीर दे रही है।