अंकुर अग्रवाल की ख़बर
गाजियाबाद। थाना कवि नगर इलाके के रजापुर गांव में छेड़छाड़ का विरोध करना एक वृद्धा को भारी पड़ गया। विरोध से गुस्साए पड़ोसी ने वृद्ध महिला पर सरेआम हमला कर उसे गम्भीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी ने महिला के सिर पर कुर्सी दे मारी। कुर्सी लगते ही वृद्ध महिला बेहोश हो गयी। पूरा मामला वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़ित महिला के पति अशोक कुमार ने बताया कि उनके पड़ोस में सुनील चौधरी रहता है। जोकि अक्सर आती-जाती महिलाओं पर फब्तियां कसता है। चाहे वह किसी भी उम्र की हो। शनिवार को शाम के वक्त जब उसकी पत्नी मुकेश देवी वहां से निकल रही थी तो आरोपी सुनील ने किसी महिला पर फब्तियां कसते हुए उससे छेड़छाड़ का प्रयास किया। जिसका उसकी पत्नी मुकेश ने विरोध किया तो सुनील ने मुकेश के साथ जमकर मारपीट की। उसे सड़क पर लिटाकर उस पर घूंसों से ताबड़तोड़ वार किए। इतने पर भी उसका मन नहीं भरा उसने वहां रखी लोहे की कुर्सी से उसके सिर पर कई वार किए। जिससे मुकेश गम्भीर रूप से घायल हो गयी और बेहोश हो गयी। उसे गम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कि पीड़ित बुजुर्ग महिला के पति के द्वारा थाना कवि नगर में तहरीर दी गई थी। जिसके आधार पर मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हालांकि पुलिस ने अपनी जांच में छेड़खानी के विरोध का जिक्र ना करते हुए आपसी कहासुनी को इस वारदात का कारण बताया है।